नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में बालेन्द्र शाह ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। उनके पद संभालते ही सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में एक बड़ा फैसला लिया गया, जिसमें 2025 के सितंबर में हुए Gen-Z आंदोलन की जांच रिपोर्ट को तुरंत लागू करने का निर्णय किया गया।
प्रधानमंत्री बालेन के नेतृत्व में बनी सरकार ने सख्त फैसला लेते हुए पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक को गिरफ्तार कर लिया है.
कैसे हुई गिरफ्तारी?
नेपाल पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को शुक्रवार रात भक्तपुर के गुंडू स्थित उनके घर से हिरासत में लिया।
क्या है आरोप?
काठमांडू पोस्ट के अनुसार, उन्हें सितंबर में हुए Gen-Z प्रदर्शनों को दबाने के मामले में गैर-इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इन प्रदर्शनों के दौरान कम से कम 77 लोगों की मौत हुई थी। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि ओली इस हिंसा को रोकने में नाकाम रहे, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
और कौन गिरफ्तार?
इस मामले में पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को भी गिरफ्तार किया गया है। भक्तपुर के ही कटुंजे स्थित उनके आवास से उन्हें गिरफ्तार किया गया।
कौन हैं बालेन्द्र शाह?
बालेन्द्र शाह को नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में देखा जा रहा है। राजनीति में आने से पहले वे एक लोकप्रिय रैपर भी रह चुके हैं और मेयर से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक का सफर तय कर चुके हैं।





