नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज़ की एफएमसीजी शाखा रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया स्थित गुडनेस ग्रुप ग्लोबल प्रा. लि. में बहुमत हिस्सेदारी हासिल करने की घोषणा की।
इस सौदे के तहत ‘बेटर-फॉर-यू’ बेवरेज कारोबार भी शामिल है। इससे RCPL को ऑस्ट्रेलियाई बाजार में प्रवेश करने में मदद मिलेगी और कंपनी की अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी और मजबूत होगी।
संयुक्त बयान में कहा गया है कि इस रणनीतिक साझेदारी के तहत RCPL, गुडनेस ग्रुप के प्रमुख हेल्दी ड्रिंक ब्रांड्स — जैसे Nexba और PACE (ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कप्तान पैट कमिंस के साथ मिलकर तैयार किया गया हाइड्रेशन ब्रांड) — को भारत समेत नए बाजारों में प्रमोट करेगा।
टी. कृष्णकुमार, निदेशक, आरसीपीएल ने कहा कि जीजीजी के स्वास्थ्य-केंद्रित उपभोक्ता ब्रांड्स जैसे नेक्सबा और पेस को शामिल किए जाने से आरसीपीएल के हेल्दी बेवरेज पोर्टफोलियो को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि मजबूत सप्लाई चेन और वितरण नेटवर्क के जरिए आरसीपीएल, जीजीजी के ब्रांड्स को नए बाज़ारों तक पहुंचाएगा और भारत भर में उनकी व्यापक उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।





