अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन ने ईरान युद्ध के लिए 200 अरब डॉलर के अतिरिक्त फंड की मांग की है। यह अनुरोध व्हाइट हाउस के पास भेजा गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
पहचान जाहिर नहीं होने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि इस पेंटागन ने इस राशि के लिए अनुरोध व्हाइट हाउस के पास भेजा है। यह असाधारण राशि है और अतिरिक्त फंड से ऊपर है, जो पिछले साल ट्रंप के व्यापक टैक्स कटौती विधेयक से रक्षा विभाग को पहले ही मिल चुका है। कांग्रेस (संसद) नए खर्च के अनुरोध पर विचार को तैयार है।
हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि व्हाइट हाउस ने इस अनुरोध को विचार के लिए भेजा है या नहीं। यह भी स्पष्ट नहीं है कि खर्च के अनुरोध को समर्थन मिलेगा या नहीं।
वॉशिंगटन पोस्ट अखबार ने सबसे पहले अतिरिक्त फंड को लेकर खबर दी थी। जबकि गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस राशि के बारे में पूछे जाने पर रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सीधे तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की, लेकिन कहा कि इसमें बदलाव हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘बुरे लोगों को मारने के लिए पैसे की जरूरत होती है।’
ईरान में सात हजार लक्ष्यों पर किया हमला
एएनआई के अनुसार, पेंटागन ने गुरुवार को बताया कि अमेरिकी सेना ने ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत ईरान के भूमिगत मिसाइल ठिकानों पर पांच हजार पाउंड वजनी पेनिट्रेटर हथियार यानी बंकर बस्टर बम गिराए और उस देश में सात हजार से ज्यादा लक्ष्यों पर हमला किया है।





