राजकोट: राजकोट के राणछोड़नगर इलाके से 120 किलो चांदी की सनसनीखेज चोरी मामले में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मेहसाणा से एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई 40 किलो चांदी बरामद की है। यह इस मामले में पहली बड़ी रिकवरी मानी जा रही है, जिसने शुरुआती जांच में उलझी स्थानीय पुलिस को अहम सुराग दिया है।
खुफिया सूचना के आधार पर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने मेहसाणा में जाल बिछाया, जहां आरोपी प्रदीप प्रजापति चोरी की चांदी बेचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे रंगे हाथों 40 किलो चांदी के साथ पकड़ लिया। फिलहाल उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है, ताकि बाकी बची 80 किलो चांदी और उसके साथियों का पता लगाया जा सके।
ज्वेलरी मार्केट का पुराना खिलाड़ी निकला मास्टरमाइंड
जांच में सामने आया है कि इस चोरी का मास्टरमाइंड कमलेश नाम का व्यक्ति है, जो अभी फरार है। कमलेश कई वर्षों तक राजकोट के सोनी बाजार (ज्वेलरी मार्केट) में काम कर चुका है और उसने अपने इंडस्ट्री नेटवर्क और अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल कर इस वारदात की साजिश रची।
सूत्रों के मुताबिक, कमलेश ने गिरोह को अहम जानकारी दी थी कि एक व्यापारी ने राणछोड़नगर इलाके में अपने दोस्त के घर बड़ी मात्रा में चांदी जमा कर रखी है।
पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई चोरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात बेहद योजनाबद्ध तरीके से की गई:
- चारों आरोपी क्रेटा कार में चोरी को अंजाम देने पहुंचे।
- चोरी के बाद गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई और पूरी रात राजकोट में घूमते रहे ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके।
- इस केस में राजकोट के जॉइंट सीपी, क्राइम ब्रांच डीसीपी और स्थानीय विधायक उदय कांगड़ की भी भूमिका रही, जिन्होंने पीड़ित व्यापारी की मदद की।
फिलहाल आरोपी प्रदीप प्रजापति पुलिस हिरासत में है, जबकि मास्टरमाइंड कमलेश की तलाश में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीमें सूरत और वडोदरा भेजी गई हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआत में यह मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन राज्यभर के सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस के तालमेल से चोरी की पुष्टि हुई और आरोपियों तक पहुंचा जा सका।





