दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है. केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी को ट्रंप का गुलाम तक कह दिया. केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी का कोई राज है जो कि ट्रंप के पास है, जिसकी वजह से वह देश को बर्बाद कर रहे हैं. केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युद्ध में अमेरिका और इजरायल का पक्ष लिया और ईरान को दुश्मन बना लिया. इसी वजह से यह संकट पैदा हुआ है.
विदेशों से आती है भारत की 60 प्रतिशत LPG
अरविंद केजरीवाल ने देश में एलपीजी गैस को लेकर पैदा हो रही स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इस समय देश गंभीर ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है और इसका सीधा असर आम लोगों से लेकर व्यापारिक गतिविधियों तक पर पड़ रहा है. केजरीवाल के अनुसार देश में एलपीजी की खपत का बड़ा हिस्सा आयात पर निर्भर है. भारत अपनी कुल जरूरत का करीब 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से मंगाता है, जिसमें से बड़ी मात्रा पश्चिम एशिया के समुद्री मार्गों के जरिए आती है. मौजूदा अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण सप्लाई चेन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे बाजार में अस्थिरता का माहौल बन गया है.
होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर पड़ रहा असर
केजरीवाल ने कहा कि गैस आपूर्ति में अनिश्चितता का सबसे ज्यादा असर होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर पड़ रहा है. इन प्रतिष्ठानों को रोजाना सिलेंडर की जरूरत होती है और वे लंबे समय तक स्टॉक नहीं रख सकते।.कई जगहों से होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों के सामने संचालन में दिक्कत आने की खबरें सामने आ रही हैं. केजरीवाल ने दावा किया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में गैस की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण छोटे व्यापारियों और उद्योगों पर दबाव बढ़ रहा है. उनका कहना है कि इससे रोजगार पर भी असर पड़ सकता है और कई लोगों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका है.





