महाराष्ट्र के बारामती में मंगलवार सुबह हुए विमान हादसे ने देशभर की राजनीति और पवार परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। इस हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की खबर फैलते ही राज्यभर में माहौल गमगीन हो गया। ऐसे में अब जब सवाल और जवाब का सिलसिला शुरू हुआ तो महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने अपने भतीजे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर पहली प्रतिक्रिया दी है।
इस हादसे को राजनीतिक रंग ना दें- शरद पवार
शरद पवार ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। पूरे परिवार और राज्य के लिए यह अपूरणीय क्षति है। लेकिन इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। यह सिर्फ एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था। उन्होंने सभी से अपील की कि इस हादसे को राजनीतिक रंग न दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस समय परिवार और प्रियजनों का समर्थन करना सबसे जरूरी है।
सीएम ममता के बयान के बाद राजनीति हलचल तेज
बता दें कि इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस हादसे को लेकर साजिश की आशंका जताई। साथ ही मांग की कि इस मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच हो। ममता ने कहा कि अब देश में नेताओं की सुरक्षा और सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह केवल सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा करती हैं, क्योंकि उनके अनुसार जांच एजेंसियों की स्वतंत्रता अब खत्म हो गई है।
शरद पवार ने दी प्रतिक्रिया
इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हुए एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने जनता और राजनीतिक पार्टियों से संयम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोलकाता से कुछ लोग यह बात फैला रहे हैं कि इसमें राजनीति है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। यह सिर्फ एक हादसा है। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि इसे राजनीतिक न बनाएं। यह हादसा शुद्ध रूप से एक दुर्घटना है और इसे राजनीति से जोड़कर देखने की जरूरत नहीं है।





