नई दिल्ली: एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने एक बार प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। एआईएमआईएम अध्यक्ष ने शुक्रवार को इजराइल-फलस्तीन मुद्दे पर भारत की तटस्थ नीति का पालन न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले की निंदा करनी चाहिए।
पीएम मोदी पर किया कटाक्ष
एआईएमआईएम सांसद ने ऐतिहासिक मक्का मस्जिद में एक सभा को संबोधित करते हुए मोदी पर कटाक्ष किया और कहा कि बृहस्पतिवार को उन्हें अचानक अपनी ‘56 इंच की छाती’ याद आ गई तथा गैस और पेट्रोल के मुद्दे पर उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से फोन पर बात की।
पीएम मोदी को करनी चाहिए निंदा
उन्होंने कहा कि ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई शिया समुदाय के नेता थे। भारत ऐसा क्यों कर रहा है? आपको (मोदी) ईरान पर हुए हमले की निंदा करनी चाहिए। आपको दोहा, दुबई, बहरीन और कुवैत में हुई घटनाओं की निंदा करनी चाहिए। आप ट्रंप और नेतन्याहू के साथ क्यों बैठे रहे? क्या यही हमारी विदेश नीति है? हम पिछले 80 वर्षों से तटस्थ रहे हैं। भारत हमेशा फलस्तीनियों के समर्थन में खड़ा रहा है।





