कॉमनवेल्थ कनेक्ट फोरम: अहमदाबाद में खेल,अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर बनी सहमति

कॉमनवेल्थ कनेक्ट फोरम: अहमदाबाद में खेल,अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर बनी सहमति

Comments
1 min read

वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी पाने वाले अहमदाबाद शहर के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को हुई कॉमनवेल्थ कनेक्ट फोरम की बैठक में राज्य सरकार, अहमदाबाद महानगर पालिका (मनपा), ग्रेट ब्रिटेन तथा अंतरराष्ट्रीय खेल व उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्र हुए। 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन, स्पोर्ट्स इकोनॉमी और वैश्विक निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें खेल अर्थव्यवस्था, आयोजन के लिए जरूरी अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर सहमति बनी।

अहमदाबाद में खेल सुविधाओं का हो रहा विकास: महापौर

अहमदाबाद की महापौर प्रतिभा जैन ने कहा कि 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स को ध्यान में रखते हुए शहर अंतरराष्ट्रीय सहयोग को और मजबूत कर रहा है। यूके के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र के मेयर रिचर्ड पार्कर के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। महापौर ने कहा कि अहमदाबाद खेल और आधुनिक बुनियादी ढांचे में निरंतर प्रगति कर रहा है। नवंबर 2025 में ग्लासगो में आयोजित जनरल असेंबली के बाद 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद का चयन शहर के लिए गौरव की बात है। शहर में विश्व के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल ने शहर की वैश्विक आयोजन क्षमता को सिद्ध किया। मोटेरा में विकसित हो रहा सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव और नारणपुरा में बना वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इलेक्ट्रिक बसें, मेट्रो, सशक्त रेल नेटवर्क और उन्नत हवाई अड्डा सुविधाएं शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन के लिए तैयार कर रही हैं।

जलवायु-लचीली पहलों के लिए 84 फीसदी बजट: मनपा आयुक्त

अहमदाबाद मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणी ने कहा कि विश्व धरोहर शहर के रूप में पहचान रखने वाला अहमदाबाद शहर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित हुआ है । यह महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी देश के सुरक्षित शहरों में शामिल है। शहर के बजट का 84 प्रतिशत हिस्सा जलवायु-लचीली पहलों के लिए आवंटित है। बैठक से स्मार्ट मोबिलिटी, टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टेडियम तकनीक, डिजिटल गवर्नेंस और लिगेसी प्लानिंग जैसे क्षेत्रों में यूके-भारत सहयोग को नई दिशा मिलेगी।

कॉमनवेल्थ गेम्स-2030 अहमदाबाद के लिए होगा परिवर्तनकारी

वर्ष 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजक बर्मिंघम शहर जिस क्षेत्र में आता है उस वेस्ट मिडलैंड्स के मेयर रिचर्ड पार्कर ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स-2030 अहमदाबाद के लिए परिवर्तनकारी होगा।

Share this article

About Author

Stäff Reporter

Most Relevent