16 फरवरी से अहमदाबाद से उदयपुर के बीच चलेगी वंदे भारत, जानें पूरा शेड्यूल

16 फरवरी से अहमदाबाद से उदयपुर के बीच चलेगी वंदे भारत, जानें पूरा शेड्यूल

Comments
1 min read

अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद से राजस्थान के उदयपुर के बीच 16 फरवरी से वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ेगी। पश्चिम रेलवे के अनुसार यह वंदे भारत अहमदाबाद के असारवा स्टेशन से उदयपुर सिटी के बीच चलेगी। गुजरात के पास अभी तक पांच वंदे भारत ट्रेनें थी। यह छठवीं ट्रेन है। इस वंदे भारत के चलने से गुजरात के अहमदाबाद से उदयपुर के बीच आवागमन तेज हो सकेगा। इस वंदे भारत के संचालन ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी जहां मजबूत होगी तो वहीं दूसरी ओर यात्री सुविधा, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

यह ट्रेन यात्रियों को विश्वस्तरीय आराम प्रदान करते हुए तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देगी।ट्रेन संख्या 09663 उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस 16 फरवरी 2026 को उदयपुर सिटी से 12.25 बजे प्रस्थान करेगी तथा 17.15 बजे असारवा पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर रुकेगी।

पश्चिम रेलवे के अनुसार वंदे भारत सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह मंगलवार को सेवा में उपलब्ध नहीं होगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 26964 असारवा-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी 2026 से प्रतिदिन (मंगलवार को छोडकर) असारवा से 17.45 बजे प्रस्थान करेगी तथा 22.00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 26963 उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस 18 फरवरी 2026 से प्रतिदिन (मंगलवार को छोडकर) उदयपुर सिटी से 06.10 बजे प्रस्थान करेगी तथा 10.25 बजे असारवा पहुंचेगी।

ट्रेन सं. 26964 की बुकिंग 15 फरवरी 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी। मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन हिम्मतनगर, डूंगरपुर तथा जावर स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार सहित कुल 8 कोच रहेंगे। अहमदाबाद से उदयपुर की यात्रा करीब साढ़े चार घंटे में पूरी होगी।

Share this article

About Author

Stäff Reporter

Most Relevent