भारत में एलपीजी सिलेंडर को लेकर चिंता बढ़ने लगी है. कई शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं. होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग इंडस्ट्री सबसे ज्यादा प्रभावित बताई जा रही है. केंद्र सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. राज्यों के साथ बैठक कर यह साफ किया गया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी. हालांकि बाजार में बढ़ती बुकिंग और सप्लाई चेन पर दबाव के कारण कई जगहों पर वेटिंग बढ़ गई है. वहीं LPG सिलेंडर संकट का असर अब दिखने लगा है. मुंबई और चेन्नई के रेस्टोरेंट मालिकों ने चेतावनी दी है. इधर खबर है कि AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. साथ ही शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सरकार पर सवाल उठाए हैं.
इसी बीच देश के अलग-अलग शहरों से अलग-अलग तस्वीर सामने आ रही है. कहीं कमर्शियल गैस की सप्लाई रोक दी गई है तो कहीं घरेलू सिलेंडर की बुकिंग अवधि बढ़ा दी गई है. जयपुर, बेंगलुरु, मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों में होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री चिंता जता रही है. वहीं सरकार का कहना है कि फिलहाल देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और घबराने की जरूरत नहीं है. लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात बिगड़ने पर सप्लाई मैनेजमेंट के लिए कई एहतियाती कदम उठाए गए हैं.





