अहमदाबाद: गुजरात में टूरिस्ट को बार-बार अपने पास बुलाने वाली कच्छ में स्थित रोड टू हेवेन (Road to Heaven) का कायाकल्प होगा। केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कच्छ की प्रसिद्ध इस रोड के साथ नेशनल हाईवे (754K) के विकास के लिए 650 करोड़ रुपये का फंड मंजूर कर दिया है। इस नेशनल हाईवे की कुल लंबाई 165.58 किलोमीटर है। जो लखपत से धोलावीरा क जोड़ता है। इस नेशनल हाईवे का 30 किलोमीटर भाग रोड टू हेवेन के नाम से जाना जाता है।
टूरिस्ट का दिल जीतती है यह सड़क
कच्छ में धोरडो से धोलावीरा जाने पर यह ‘रोड टू हेवेन’ सड़क पड़ती है। इस सड़क के आसपास की सुंदरता इतनी दिलकश है कि हर सैलानी यहां पर अपने सफर में ब्रेक लगाने को मजबूर हो जाता है। अभी यह सड़क सिंगल है। दो लेन की सड़क है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा है कि गुजरात के कच्छ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-754K के 165.58 किलोमीटर लंबाई वाले लखपत-गडुली-ज़ारा-हाजीपीर-खावड़ा-कंदवान-धोलावीरा खंड को पेव्ड शोल्डर कॉन्फ़िगरेशन के साथ 2-लेन में बनाने के लिए 650.42 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना से कच्छ क्षेत्र की गुजरात के शेष भाग से कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
टूरिज्म को मिलेगी ऊंची छलांग
केंद्रीय सड़क एंव राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आगे लिखा है कि कच्छ में हर साल कई प्रमुख त्योहार और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनकी पहुंच इसी कॉरिडोर पर निर्भर करती है। यह राजमार्ग कच्छ में प्रमुख खनिज और नमक उद्योगों के लिए माल की आवाजाही को भी सुगम बनाएगा, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा। वर्तमान में, मौजूदा सड़क पर भीड़भाड़ और दुर्घटनाओं का प्रमाण अधिक है। पेव्ड शोल्डर के साथ 2-लेन में अपग्रेड करने से यातायात कम होगा, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और वाहन संचालन लागत कम होगी, जिसके परिणामस्वरूप ईंधन दक्षता में सुधार के साथ-साथ सुरक्षित और अधिक कुशल आवागमन सुनिश्चित होगा। रोड टू हेवेन की चौड़ाई बढ़ने के साथ इसका सफर सुरक्षित बनेगा जो टूरिस्ट को नया रोमांच देगा।





